Thursday 30 November 2017

उद्यमशीलता दिखाकर कारगर हल खोजने होंगे (शशि थरूर)

(विदेश मामलों की संसदीय समिति के चेयरमैन और पूर्व केंद्रीय मंत्री)
हैदराबाद के आंत्रप्रेन्योरशिप पर वैश्विक शिखर सम्मेलन में भारतीय आंत्रप्रेन्योर से इवांका ट्रम्प जैसी शख्सियतों की चर्चा ने काफी उत्सुकता जगाई है। यह आयोजन ऐसे समय हो रहा है जब भारतीयों ने आंत्रप्रेन्योरशिप को उत्साह के साथ गले लगाया है। भारतीय उद्यमशीलता की परम्परा नई नहीं है। भारतीयों ने सिर्फ सिलकॉन वैली में बल्कि लंदन, हॉन्गकॉन्ग और पूर्वी अफ्रीका के कई हिस्सों में स्टार्टअप्स के जरिये इसे सिद्ध किया है।
देश में स्टार्टअप के प्रसार का परिणाम है कि भारत में दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बन गया है। उम्मीद है कि 2016 में 4700 स्टार्टअप से बढ़कर 2020 तक इनकी संख्या 11 हजार तक पहुंच जाएगी। 1991 के उदारीकरण के बाद से भारतीय अर्थव्यवस्था ने भी खुद में नाटकीय बदलाव लाया है, जब डॉ. मनमोहन सिंह ने संसद में कहा था कि धरती पर कोई ऐसी शक्ति नहीं है, जो उस विचार को रोक सके, जिसका वक्त चुका है। यह विचार था भारतीय अर्थव्यवस्था को खोलने का। इसके कारण हम 2008 के अार्थिक संकट के बाद वैश्विक अर्थव्यवस्था में मची उथलपुथल का सामना कर सके। इसने हमें क्रय शक्ति क्षमता के आधार पर जापान को पीछे छोड़कर दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बना दिया।
चूंकि औसत आयु हमारे पक्ष में है तो सर्वश्रेष्ठ तो अभी आना है। यूरोप में 2020 तक औसत आयु 46, जापान में 47 और यहां तक कि युवा आप्रवासियों से संचालित अमेरिका में भी यह 40 वर्ष होगी लेकिन, भारत में तब औसत आयु 29 होगी। आधी आबादी तो 25 के नीचे और करीब 65 फीसदी आबादी 35 वर्ष के नीचे होगी और स्कूल से आने वाले युवा ऊर्जावान, प्रतिस्पर्धी, उत्पादक वर्कफोर्स में शामिल होंगे। भारत दुनिया का अगला इंजन हो सकता है।
लेकिन यह आबादीगत फायदा केवल तभी हमारे पक्ष में काम करेगा, जब हम युवाओं को 21वीं सदी में उपलब्ध अवसरों का लाभ लेने लायक शिक्षित-प्रशिक्षित करेंगे। वे अवसर जो आंत्रप्रेन्योर निर्मित कर रहे हैं। यदि हम अशिक्षित (या कम शिक्षित), बेरोजगार (और व्यापक रूप से रोजगार लायक नहीं) और इसलिए अत्यधिक कुंठित युवा महिला-पुरुष पैदा करते रहे तो आबादीगत लाभ हमारे लिए विनाश भी साबित हो सकता है। भारत की क्षमता का दोहन करने तथा उम्मीद के मुताबिक सामाजिक आर्थिक बदलाव लाने के लिए हमें अत्यधिक शिक्षित और प्रेरित आंत्रप्रेन्योर चाहिए।
कुछ सफल होंगे और कुछ संख्या में विफल भी होंगे लेकिन, वे सब हमारे अार्थिक क्षेत्रों में ऊर्जा भर देंगे और आंत्रप्रेन्योर संबंधी प्रयास का वातावरण विकसित करने में मदद करेंगे। हमारी ‘जुगाड़’ की भारतीय पद्धति ने अलग हटकर सोचने, परिचित चीजों को नए उद्देश्य से इस्तेमाल कर सीमित संसाधनों में ही समाधान तलाशने के तरीके के रूप में काफी ध्यान खींचा है। हालांकि, आलोचक कहते हैं, जहां यह भारतीय कल्पनाशीलता दिखाती है वहीं आमतौर पर इसमें श्रेष्ठता निर्मित करने की बजाय काम निकालने का उद्देश्य होता है। लेकिन, जुगाड़ की भावना इससे काफी आगे जाती है। ‘फ्रुगल इनोवेशन’ को गूगल सर्च करें और पहले 20 भारतीय इनोवेशन से ही जुड़े होंगे। वहां हाथ में थामे जाने वाला इलेक्ट्रोकार्डियोग्राम (ईसीजी) डिवाइस है, जो 50 हजार रुपए का है (सबसे सस्ता विकल्प एक लाख रुपए से ज्यादा का है)। इससे कार्डियोग्राम की लागत 50 रुपए रह गई है। डेढ़ हजार रुपए का टाटा स्वच्छ एयर प्यूरीफायर है (अपने निकटतम प्रतिस्पर्धी से 10 गुना सस्ता)। भारतीय बायोटेक कंपनियों ने इंसुलिन इंजेक्शन और हेपेटाइटिस-बी वैक्सीन की कीमत एकदम कम कर दी है। वैक्सीन की कीमत तो 15 डॉलर (960 रुपए) से घटकर 10 सेंट (साढ़े छह रुपए) रह गई है)।
भारतीय उद्यमशीलता की मौलिकता ने चकित करने वाली संख्या में दुनिया को मात देने वाले इनोवेशन दिए हैं। टाटा नैनो से ज्यादा प्रभावशाली तो कुछ भी नहीं, जिसकी कीमत पश्चिम की किसी लग्ज़री कार में लगने वाले हाईएंड डीवीडी प्लेयर जितनी है। एल्यूमिनियम इंजन का अाविष्कार करके स्टील का इस्तेमाल घटाने, पहियों को चेसिस के किनारे तक ले जाकर जगह बढ़ाना, मॉड्यूलर डिजाइन ताकि कार को किट से भी असेंबल किया जा सके। इन सबने यह पक्का किया कि कम लागत में भी अधिकतम संभव सुविधा दी जा सकती है।
इसी प्रकार मंगलयान मिशन में हमें करीब 492 करोड़ रुपए लगे, जो हॉलीवुड स्पेस मूवी ग्रेविटी के बजट से कम थे और नासा के खुद के मंगल कार्यक्रम की 4,500 करोड़ रुपए की लागत का सिर्फ 11 फीसदी। लीक से हटकर सोचना सीमित संसाधनों के भीतर इनोवेटिव समाधान, ऐसी बातें हैं जो हम करने लगे हैं। हमारे देश ने ही हजारों साल पहले शून्य का आविष्कार किया था। लेकिन, आज हम जो भी आविष्कार करते हैं वह कभी-कभी शून्य लगता है। उद्यमशीलता कुंजी है। मुझे महान उद्योगपति जमशेदजी टाटा की वह कहानी बहुत प्रेरित करती है कि 1890 में उन्हेंं बॉम्बे की पाइकस् होटल में जाने नहीं दिया गया, जहां बोर्ड लगा था, ‘भारतीयों कुत्तों को प्रवेश नहीं।’ इसलिए उन्होंने कहीं अधिक भव्य होटल बनाया, जो भारतीयों के लिए खुला था- ताजमहल पैलेस होटल, जिसे आज दुनिया के शानदार होटलों में शुमार किया जाता है, जबकि पाइकस् कब का बंद हो चुका है।
जब उन्हीं टाटा ने 1905 में भारत का पहला स्टील का कारखाना स्थापित किया तो एक ब्रिटिश अधिकारी ने तिरस्कार करते हुए कहा कि यदि कोई भारतीय स्टील पैदा कर दे तो वह खुद आकर इसका एक-एक आउंस खा जाएगा। खेद है कि वह इतना लंबा नहीं जिया कि जमशेदजी टाटा के उत्तराधिकारियों को कोरस के रूप में ब्रिटिश स्टील के शेष हिस्से का अधिग्रहण करते देखता। कहने का आशय यह कि भारतीय यह कर सकते हैं। लेकिन, जहां उद्यमी फलते-फूलते हैं वह बाजार उन्हें आकर्षित नहीं कर सकता, जहां जाना उनके बस की बात हो। हमें वैश्वीकरण और उदारीकरण के फायदे गरीबों को देने होंगे। हम 9 फीसदी से वृद्ध करंे या अभी की तरह 5.7 फीसदी की दर से करें, हमारे विकास का फोकस हमेशा हमारी आबादी के सबसे निचले 25 फीसदी तबके पर होना चाहिए। हमारी समस्याएं वे ही हैं, जैसी हमेशा रही हैं। चुनौती यही है कि हम उद्यमशीलता दिखाकर पुराने प्रश्नों के नए उत्तर खोजें।(DB)
(येलेखक के अपने विचार हैं।)

गीता : प्रबंधन की सर्वोत्तम संहिता (पूनम नेगी)

श्रीमद्भगवद्गीता योगेश्वर श्रीकृष्ण की दिव्य वाणी है। इसके प्रत्येक श्लोक में ज्ञान का अनूठा प्रकाश है, जिसके प्रस्फुटित होते ही अज्ञान का अंधकार नष्ट हो जाता है। जीवन प्रबंधन की इस सर्वोत्तम आचार संहिता की विशिष्टता यह है कि अमन का यह संदेश युद्ध की भूमि से दिया गया है। गीता साधारण कर्मवाद को कर्मयोग में परिवर्तित करने के लिए तीन साधनों पर बल देती है-1.फल की आकांक्षा का त्याग 2. कर्तापन के अहंकार से मुक्ति 3. इशार्पण । इन सूत्रों में वेदों एवं उपनिषदों का सार झलकता है। तत्वदर्शी मनीषियों का कहना है कि ज्ञान, भक्ति व कर्म की इस अनूठी त्रिवेणी को जितनी बार पढ़ा जाता है; ज्ञान के नित नये रहस्य खुलते जाते हैं। विश्व के महानतम नीतिज्ञ श्रीकृष्ण व किंकर्तव्यविमूढ़ अर्जुन के मध्य का संवाद इस गीता ज्ञान का मूलतत्व है। 
18 अध्यायों के 700 श्लोकों में प्रवाहित इस अद्भुत ज्ञान गंगा का कोई सानी नहीं है, देश दुनिया के आध्यात्मिक मनीषी इस विषय पर एकमत हैं। श्रीमद्भगवद्गीता महाभारत के छठे खंड ‘‘भीष्म पर्व’ का वह हिस्सा है जो वार्तालाप मार्गशीर्ष शुक्ल एकादशी को कुरुक्षेत्र की युद्धभूमि में कृष्ण व अर्जुन के मध्य हुआ था। इसीलिए इस दिन को मोक्षदा एकादशी तथा गीता जयंती के रूप में भी जाना जाता है। आज से 100 वर्ष पूर्व जब हमारी महान देवभूमि विदेशी आक्रमणकारियों व अंग्रेजों के अत्याचारों से आक्रांत हो कराह रही थी। 1857 की क्रान्ति फेल हो चुकी थी। सम्पूर्ण भारत छोटे-छोटे वर्गों , टुकड़ों में बिखर गया था। हर भारतवासी हताश, निराश, असहाय, अत्याचारों से प्रताड़ित होकर अपने राष्ट्र को टूटता बिखरता देख रहा था। आशा की कोई किरण नजर नहीं आ रही थी। उन्हीं दिनों भगवान कृष्ण की इस देववाणी का संदेश महर्षि अरविन्द, महात्मा गांधी, लोकमान्य तिलक व विनोबा भावे सदृश देश के अनेक मनीषियों के अन्त:करण में प्रस्फुटित हुआ और वे भारत की स्वतंत्रता के लिए कठोर साधनात्मक पुरुषार्थ में जुट गए। गीता के पवित्र ज्ञानामृत का पान कर मोहनदास कर्मचन्द गांधी जैसा एक सामान्य का व्यक्ति ऐसे तेज पुंज के रूप में उठ खड़ा हुआ कि पूरा विश्व उन्हें महात्मा के रूप में जानने लगा। कहा जाता है कि अपने को दुनिया का सिरमौर बताने वाले अंग्रेजों में इस प्रकार की धारणा उपजने लगी कि महात्मा गांधी से आंख से आंख मिलाकर बात मत करना। उनकी आंखों में इस प्रकार का जादू है कि वह अपनी बात मनवाने की विलक्षण क्षमता रखते हैं। बापू का कहना था कि जैसे मां की गोद में बालक निर्भय रहता है, उसी प्रकार उनको गीता से अपनी समस्याओं को सुलझाने की अद्भुत शक्ति व प्रेरणा प्राप्त होती है।
इसी तरह भूदान आंदोलन के प्रणोता विनोबा भावे की कृति ‘‘गीता प्रवचन’ में कर्मयोग के सिद्धांत की समाजशास्त्रीय दृष्टि से अद्भुत विवेचना मिलती है। बाल गंगाधर तिलक कृत ‘‘गीता रहस्य’ में भगवान श्रीकृष्ण के निष्काम कर्मयोग की जो सरल, व्यावहारिक और आध्यात्मिक दृष्टिकोण से स्पष्ट व्याख्या मिलती है, वह अपने आप में अद्भुत है। इसकी इस पुस्तक की रचना लोकमान्य जी ने माण्डला जेल (बर्मा) में की थी। वे अपने समय और समाज के मुताबिक गीता को देखना और समझना चाहते थे। एक थके हुए गुलाम समाज को जगाने के लिए वह गीता को संजीवनी बनाना चाहते थे। यह महान गीता का ही असर था कि ईसाई धर्म मानने वाले कनाडा के प्रधानमंत्री मिस्टर पीअर टुडो गीता पढ़कर भारत आये। उन्होंने कहा कि जीवन की शाम हो जाए और देह को दफनाया जाए उससे पहले अज्ञानता को दफनाना जरूरी है और वे प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा देकर गाय और गीता-उपनिषद लेकर एकांतवासी हो गये थे। इसी तरह, सुप्रसिद्ध अमेरिकी संत महात्मा थोरो का कहना था कि प्राचीन भारत की सभी स्मरणीय वस्तुओं में श्रीमद् भगवदगीता से श्रेष्ठ कोई भी दूसरी वस्तु नहीं है। इसी तरह, एफ एच होलेम (इंग्लैंड) का कहना है कि वे ईसाई होते हुए भी गीता के प्रति इतनी श्रद्धा व आदर इसीलिए रखते हैं क्योंकि जिन गूढ़ प्रश्नों का समाधान पाश्चात्य लोग अभी तक नहीं खोज पाये हैं, उनका गीता में सदियों पहले शुद्ध और सरल तरीके से समाधान दिया गया है। इसीलिए गीता भारत का ऐसा अमूल्य व दिव्य खजाना है, जिसे विश्व के समस्त धन से भी नहीं खरीदा जा सकता। आज देश-दुनिया के तमाम उच्च शिक्षण-प्रबंधन संस्थान और स्कूल इसे अपने पाठ्यक्रमों का हिस्सा बना रहे हैं। अमेरिका, जर्मनी व नीदरलैंड जैसे कई विकसित देशों ने अपने देश के शैक्षिक पाठ्यक्रम में शामिल कर रखा है। गीता के प्रबंधन सूत्रों को अपने प्रतिष्ठानों में लागू करने वाली देश भर की नामी-गिरामी कम्पनियां इनके नतीजों से काफी उत्साहित व प्रसन्न हैं। नामचीन मैनेजमेंट गुरुओं ने गीता के प्रबंधन सूत्रों का लाभ उठाकर उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।(RS)